Home / Uncategorized / पुलिस की गिरफ्त में आया छात्रा से अश्लील हरकत और बातचीत का आरोपी प्रबंधक पुत्र

पुलिस की गिरफ्त में आया छात्रा से अश्लील हरकत और बातचीत का आरोपी प्रबंधक पुत्र

● पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पहले दर्ज हुआ था पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा

● एक संगठन के कार्यकर्ताओं की तहरीर पर बाद में एससी-एसटी एक्ट में भी केस दर्ज

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो

गोरखपुर. गोला थाना क्षेत्र के एक निजी विद्यालय की छात्रा से अश्लील हरकत करने, शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने तथा इससे संबंधित ऑडियो वायरल कर धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी विद्यालय प्रबंधक पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को शनिवार सुबह करीब 8:35 बजे देईडीहा तिराहे से गिरफ्तार किया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के की तैयारी हो रही थी।
थाना प्रभारी सीपी पाण्डेय के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रतीक कुमार त्रिपाठी (32) पुत्र घनश्याम त्रिपाठी निवासी भीखाभार बुजुर्ग,जगरनाथपुर, थाना गोला के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 75(1), 76, 78(2), 79, 352, 351(3), पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 तथा आईटी एक्ट की धारा 66ई के तहत मुकदमा दर्ज है।
————-
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पहले दर्ज हुआ मुकदमा…..
मामला 29 सेकेंड के कथित अश्लील ऑडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सामने आया था। वायरल ऑडियो में एक व्यक्ति की आवाज विद्यालय के प्रबंधक पुत्र प्रतीक तिवारी की बताई जा रही थी, जबकि दूसरी आवाज उसी विद्यालय की छात्रा की होने का दावा किया गया था। ऑडियो में छात्रा से पढ़ाई और भविष्य बनाने का लालच देकर कथित रूप से आपत्तिजनक मांग किए जाने की बात सामने आई थी। हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई थी। ऑडियो सामने आने के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी थी।
———-
संगठन के कार्यकर्ताओं की तहरीर पर एससी-एसटी एक्ट में भी मुकदमा….
वाॅयरल आडियो में जाति को लेकर हुए टिप्पणी से नाराज एक संगठन के कार्यकर्ताओं की ओर से भी पुलिस को तहरीर दी गई थी। पुलिस ने उस तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 353(2)/196(1) तथा एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)(यू) के तहत अलग मुकदमा पंजीकृत किया था।
————
ऑडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने किया था घेराव….
ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर घेराव किया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया था। इसके बाद पुलिस ने वायरल ऑडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की थी।
———-
देईडीहा तिराहे से गिरफ्तारी…..
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला संबंधी अपराधों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के अभियान के तहत गोला प्रभारी निरीक्षक चंद्र प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी को देईडीहा तिराहे से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक चंद्र प्रकाश पाण्डेय, उपनिरीक्षक आशीष सिंह यादव, कांस्टेबल पिन्टु प्रसाद, रिजर्व कांस्टेबल पंकज गिरि और कांस्टेबल सुबेदार सिंह यादव शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *