Home / Uncategorized / राष्ट्रीय मास्टर्स तैराकी में गोपाल सिंह ने लहराया परचम

राष्ट्रीय मास्टर्स तैराकी में गोपाल सिंह ने लहराया परचम

200 मीटर बटरफ्लाई में कांस्य पदक जीतकर सोनभद्र और हिण्डाल्को का बढ़ाया गौरव

पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी

सोनभद्र रेणुकूट, 14 सितंबर। राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के वित्त एवं लेखा विभाग में कार्यरत गोपाल सिंह ने सोनभद्र का नाम रोशन किया है। हरियाणा के बहादुरगढ़ में आयोजित 22वीं राष्ट्रीय मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 में उन्होंने 40–44 वर्ष पुरुष आयु वर्ग की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। 11 से 13 सितंबर तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से करीब एक हजार मास्टर्स तैराकों ने हिस्सा लिया। उत्तर प्रदेश तैराकी संघ की ओर से चयनित राज्य टीम में गोपाल सिंह सोनभद्र जिले से एकमात्र चयनित तैराक थे। प्रतियोगिता के पहले ही दिन चुनौतीपूर्ण 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। हिण्डाल्को, रेणुकूट निवासी गोपाल सिंह, पुत्र श्री राज नारायण सिंह, ने लंबे अंतराल के बाद प्रतिस्पर्धी तैराकी में वापसी की। सीमित समय में नियमित अभ्यास, फिटनेस, आत्मअनुशासन और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए स्वयं को तैयार किया। उनकी इस उपलब्धि को खेल जगत में उनकी मेहनत और दृढ़ संकल्प की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने के बाद गोपाल सिंह ने अगली बड़ी चुनौती के लिए भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर ली है। वह 4 से 11 अक्टूबर 2026 तक बेंगलुरु में आयोजित होने वाली दूसरी एशियन मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 में हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) द्वारा एशिया एक्वेटिक्स के तत्वावधान में आयोजित की जाएगी, जिसमें एशिया भर के मास्टर्स तैराक भाग लेंगे।
इस अवसर पर गोपाल सिंह ने कहा, “इस पदक को मैं अपनी कर्मभूमि हिण्डाल्को, अपने जिले सोनभद्र और उत्तर प्रदेश के नाम समर्पित करता हूं। परिवार, हिण्डाल्को प्रबंधन एवं सहकर्मियों, उत्तर प्रदेश तैराकी संघ, प्रशिक्षकों और सभी शुभचिंतकों से मिले प्रोत्साहन ने मुझे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।”
गोपाल सिंह की इस उपलब्धि पर हिण्डाल्को के मुखिया श्री समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह, एचआर हेड श्री अजय सिन्हा, वित्त एवं लेखा प्रमुख श्री बिजॉय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों ने उन्हें बधाई दी। साथ ही आगामी एशियन मास्टर्स चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *