Home / Uncategorized / काशी से चेन्नई तक संवाद की नई रोशनी, पीएम मोदी के जन्मदिन पर केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों से की खास मुलाकात

काशी से चेन्नई तक संवाद की नई रोशनी, पीएम मोदी के जन्मदिन पर केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों से की खास मुलाकात

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में डॉ एल मुरुगन हुए शामिल; काशी-तमिलनाडु के सांस्कृतिक रिश्तों और पीआईबी वाराणसी के प्रेस टूर के अनुभवों पर हुई चर्चा

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो चेन्नई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वाराणसी के सांसद के जन्मदिन पर चेन्नई में आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘आशीर्वाद का दीया’ के दौरान गूरुवार को केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने पीआईबी वाराणसी के तमिलनाडु प्रेस टूर पर आए पत्रकारों से मुलाकात कर उन्हें विशेष सम्मान दिया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से तमिलनाडु यात्रा के अनुभव साझा किए और काशी तथा तमिलनाडु के बीच ऐतिहासिक सांस्कृतिक संबंधों पर विस्तार से चर्चा की।

चेन्नई के दूरदर्शन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा यात्रा को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास, नवाचार और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत लोगों ने “जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा” संकल्प के साथ दीप जलाकर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. मुरुगन ने वाराणसी से आए पत्रकारों से विशेष संवाद किया। उन्होंने तमिलनाडु के विभिन्न संस्थानों, सांस्कृतिक केंद्रों और विकास परियोजनाओं के भ्रमण से प्राप्त अनुभवों के बारे में जानकारी ली। पत्रकारों ने भी अपनी यात्रा के अनुभव साझा करते हुए तमिलनाडु की सांस्कृतिक समृद्धि, तकनीकी प्रगति और विकास मॉडल की सराहना की।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि काशी और तमिलनाडु के बीच संबंध केवल सांस्कृतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक और आध्यात्मिक भी हैं। उन्होंने ऐसे संवाद कार्यक्रमों को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने वाला बताया।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर चेन्नई में दिनभर विभिन्न सेवा और जनकल्याण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वहीं, वाराणसी के पत्रकारों और केंद्रीय मंत्री की यह मुलाकात कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बनी रही, जिसने काशी और तमिलनाडु के बीच बढ़ते संवाद और सहयोग को नई ऊर्जा प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *