पीआईबी वाराणसी के प्रेस टूर पर पहुंचे पत्रकारों ने जाना बंदरगाह के विकास, अत्याधुनिक सुविधाओं और भविष्य की महत्वाकांक्षी योजनाओं का खाका
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो चेन्नई।
पीआईबी वाराणसी की ओर से आयोजित प्रेस टूर पर तमिलनाडु पहुंचे वाराणसी के पत्रकारों के दल ने गुरुवार को देश के प्रमुख समुद्री बंदरगाहों में शामिल चेन्नई पोर्ट का भ्रमण किया। इस दौरान पत्रकारों को बंदरगाह की वर्तमान गतिविधियों, विकास परियोजनाओं तथा भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि चेन्नई पोर्ट आधुनिक तकनीक, अत्याधुनिक अवसंरचना और बेहतर लॉजिस्टिक्स सुविधाओं के माध्यम से देश के समुद्री व्यापार को नई गति प्रदान कर रहा है। बंदरगाह पर माल ढुलाई, कंटेनर संचालन, आयात-निर्यात गतिविधियों और कनेक्टिविटी को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
भ्रमण के दौरान पत्रकारों ने बंदरगाह की विभिन्न परिचालन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और जाना कि किस प्रकार चेन्नई पोर्ट देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और वैश्विक व्यापार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि भविष्य की योजनाओं के तहत पोर्ट की क्षमता बढ़ाने, संचालन को अधिक दक्ष बनाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पत्रकारों ने चेन्नई पोर्ट को भारत के समुद्री व्यापार और आर्थिक प्रगति का एक महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए इसके आधुनिक स्वरूप और विकास की गति की सराहना की।










