नंदुरबार: खाई में गिरी श्रद्धालुओं से भरी पिकअप, 8 की मौत
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो नंदुरबार।
महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में चांदशैली घाट पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सभी यात्री अस्तंबा देवी यात्रा से लौट रहे थे। घाट के एक तीखे मोड़ पर ड्राइवर का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और पिकअप खाई में जा समाई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और यात्री दूर जा गिरे।
घटना की सूचना मिलते ही शाहदा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई गई है।
इस हृदयविदारक हादसे ने पर्व और आस्था की यात्रा को शोक में बदल दिया। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।










