चंदौली।जनपद में 21 फरवरी 2026 को एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से मेले के प्रचार-प्रसार हेतु वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रोजगार मेला राजकीय आईटीआई रेवसां परिसर में आयोजित होगा। इसका आयोजन जिला सेवायोजन कार्यालय, चंदौली द्वारा उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत किया जा रहा है।
मेले में अभ्यर्थी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रतिभाग कर सकते हैं। भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के उपरांत पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर आवेदन किया जा सकेगा।
रोजगार मेले में 40 से अधिक नियोजक कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इनमें डी सेट्स, फैम इंडिया प्रा.लि., एडिको, ओवर ड्राइव इलेक्ट्रॉनिक्स, वेलांगी कनेक्टिविटी प्रा.लि., इनकोफिक्स, जुपिटर लेमिनेटर्स, लावा इंटरनेशनल, अशोक लीलैंड, सुब्रोस लिमिटेड तथा पेरीग्रीन सिक्योरिटी गार्ड सहित अन्य प्रमुख संस्थान शामिल हैं। ये कंपनियां अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी।
अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षिक मूल अंकपत्र, प्रमाणपत्र, बायोडाटा तथा चार पासपोर्ट साइज फोटो के साथ प्रातः 10 बजे आयोजन स्थल पर उपस्थित होना होगा। मेले में भाग लेने हेतु किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
शैक्षिक योग्यता के अनुसार हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीटेक, डिप्लोमा, आईटीआई एवं कौशल विकास मिशन के सभी ट्रेडों से उत्तीर्ण अभ्यर्थी मेले में भाग ले सकते हैं। प्रशासन ने अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार मेले में प्रतिभाग करने की अपील की है।










