औराई (भदोही)।
तहसील औराई परिसर में स्वच्छता को लेकर इन दिनों विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उपजिलाधिकारी श्याममणि त्रिपाठी के नेतृत्व में गंदगी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है।
मंगलवार को उपजिलाधिकारी स्वयं तहसील परिसर का मुआयना करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान परिसर में उगी झाड़ियां, पेड़ों से गिरे पत्ते तथा दीवारों और कोनों में जमी गंदगी को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। लंबे समय से परिसर में फैली अव्यवस्था और पान-गुटखे की पीक से आमजन और अधिवक्ताओं को असुविधा हो रही थी।
अभियान के तहत नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई और परिसर को व्यवस्थित करने का कार्य तेज कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई में आई तेजी को देखकर लोगों ने कहा कि यदि इसी प्रकार प्रयास जारी रहे तो तहसील परिसर भी NDA की तरह स्वच्छ और अनुशासित नजर आ सकता है।
इस मौके पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमाकांत दुबे, सपा के जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र कुमार मिश्र ‘पप्पू’, शासकीय अधिवक्ता एवं अन्य अधिवक्ता गण भी उपस्थित रहे और परिसर का निरीक्षण किया।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और तहसील परिसर स्वच्छता का नया उदाहरण बनेगा।
औराई तहसील में स्वच्छता अभियान तेज, एनडीए जैसी चमक की ओर बढ़ता परिसर










