Home / Uncategorized / मंदिर का रास्ता बनने से ग्रामीणों में खुशी की लहर,ग्राम प्रधान अंजुलिका मौर्या की सूझबूझ की हो रही सराहना

मंदिर का रास्ता बनने से ग्रामीणों में खुशी की लहर,ग्राम प्रधान अंजुलिका मौर्या की सूझबूझ की हो रही सराहना

रुद्र पाठक/ब्यूरो चंदौली

सकलडीहा। क्षेत्र के बथावर गांव में प्राचीन भवानी माता मंदिर तक जाने वाले मार्ग का निर्माण कार्य पूरा होने पर ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। गांव के बीचों-बीच स्थित भवानी माता मंदिर तक पहुंचने के लिए अब तक केवल सकरा और कच्चा रास्ता था, जिससे श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

ग्रामीणों के अनुसार, आजादी के 77 वर्ष बीत जाने के बाद भी मंदिर मार्ग को सुचारू बनाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी थी। रास्ते के दोनों ओर ग्रामीणों की निजी भूमि होने के कारण निर्माण कार्य लंबे समय से अटका हुआ था।

वर्तमान महिला ग्राम प्रधान अंजुलिका मौर्या के प्रयास और दूरदर्शिता से यह समस्या सुलझ सकी। प्रधान ने गांव के बुद्धिजीवियों और आम ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर आपसी सहमति बनाई। गांव के विकास को प्राथमिकता देते हुए कई ग्रामीणों ने स्वेच्छा से अपनी-अपनी भूमि का अंश मार्ग निर्माण के लिए दिया, जिसके बाद रास्ते का निर्माण संभव हो सका।
वही प्रधान पति अर्जुन सिंह मौर्य ने बताया कि मंदिर तक जाने के लिए दो तरफ से रास्ते सीसी एवं इंटर लॉकिंग निर्माण पूर्ण हो चुका है तथा एक तरफ से रास्ते का निर्माण कुछ दिनों में पूर्ण कर दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने इसे सामाजिक एकता और विकासवादी सोच का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए ग्राम प्रधान की सराहना की है। उनका कहना है कि आपसी सहयोग और सकारात्मक पहल से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो पाया है।

मंदिर मार्ग के निर्माण से अब श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और गांव के समग्र विकास को भी गति मिलेगी। ग्रामीणों ने इस पहल को ऐतिहासिक और प्रेरणादायी बताया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *