पूर्वांचल राज्य चंदौली ब्यूरो
सकलडीहा (चंदौली)। सरकार की मंशानुरूप जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सकलडीहा के सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग तथा पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने की।
संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, निराश्रित पेंशन योजना, निर्विवाद वरासत सहित अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं से पात्र व्यक्तियों को आच्छादित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि समाधान दिवस में कुल 136 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 10 प्रार्थना पत्रों को पुलिस एवं राजस्व की संयुक्त टीम को स्थलीय निरीक्षण के लिए भेजा गया है। शेष प्रार्थना पत्रों के निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, विकास विभाग, सिंचाई, विद्युत तथा पुलिस से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में आए प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और तय समय सीमा में उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि आईजीआरएस के माध्यम से शिकायतों की नियमित ट्रैकिंग की जा रही है तथा पूर्व की अपेक्षा शिकायतों के निस्तारण में सुधार हुआ है। इसके बावजूद लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम के पश्चात जिलाधिकारी ने तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभिलेखों व फाइलों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाई.के. राय, पीडी डीआरडीए बी.बी. सिंह, उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर, जिला पंचायती राज अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।










