Home / Uncategorized / सीढ़ी के रास्ते घर में घुसे चोर, लाखों के गहने व नकदी उड़ाई

सीढ़ी के रास्ते घर में घुसे चोर, लाखों के गहने व नकदी उड़ाई

26 अप्रैल को थी शादी, पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

पूर्वांचल राज्य वाराणसी।

चोलापुर थाना क्षेत्र के रौना खुर्द (चिलबिलवां) गांव में सोमवार रात चोरों ने एक शादी वाले घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से पूरे परिवार में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी अखिलेश यादव पुत्र रामसकल यादव के घर में 26 अप्रैल को शादी का कार्यक्रम तय है। इसी कारण घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और गहने व नकदी घर में ही रखे गए थे। सोमवार रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे, तभी चोर सीढ़ी के रास्ते घर में घुस आए और पूरे घर को खंगाल डाला।
चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषणों के साथ लगभग दो लाख रुपये नकद भी चुरा लिए। बताया जा रहा है कि शादी के लिए बनवाए गए कई कीमती गहने भी चोर अपने साथ ले गए।
सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर में सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी हुई। घटना की सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पीड़ित द्वारा इस संबंध में चोलापुर थाने में लिखित तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर चोरों की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *