Home / Uncategorized / यातायात नियम तोड़ने पर डीसीपी की कार्रवाई, चालक की जिद से वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग जाम

यातायात नियम तोड़ने पर डीसीपी की कार्रवाई, चालक की जिद से वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग जाम

विपरीत दिशा से चलने पर डीसीपी की सख्ती, वाहन थाने भिजवाया; करीब 10 मिनट बाधित रहा यातायात

पूर्वांचल राज्य वाराणसी।

चोलापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले एक मालवाहक वाहन चालक की लापरवाही के कारण वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विपरीत दिशा से आ रहे वाहन को रोकने पर चालक की मनबढ़ई के चलते सड़क पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि पुलिस की तत्परता से करीब 10 मिनट बाद यातायात बहाल करा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम लगभग पांच बजे डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार एवं एडीसीपी वरुणा जोन आईपीएस लिपि नगायच चोलापुर से वाराणसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गोसाईपुर मोहांव गांव के पास सामने से एक भारी मालवाहक वाहन विपरीत दिशा से आता दिखाई दिया। यातायात नियमों का उल्लंघन देखते हुए डीसीपी ने तत्काल वाहन को रुकवाया और चालक को सही दिशा में चलने के निर्देश दिए।
बताया जाता है कि पुलिस द्वारा रोके जाने से चालक नाराज हो गया और उसने गुटखा फैक्ट्री के सामने वाहन को आड़ा-तिरछा खड़ा कर बीच सड़क पर ही इंजन बंद कर दिया। चालक ने यह कहकर वाहन हटाने से इनकार कर दिया कि वाहन का ईंधन समाप्त हो गया है। चालक की इस हरकत से कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त बल बुलाया। पुलिसकर्मियों ने पहले वाहन को धक्का देकर हटाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता न मिलने पर ट्रैक्टर की मदद से वाहन को सड़क से किनारे कराया गया। इसके बाद मालवाहक वाहन को थाने भिजवा दिया गया, तब जाकर यातायात सुचारू हो सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक का रवैया काफी लापरवाह और मनबढ़ था, जिसके कारण कुछ देर के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *