पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
बैढ़न/सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। शुक्रवार को दोपहर करीब 12:50 बजे शहर के Bank of Maharashtra की शाखा में पांच हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस महकमे में अलर्ट जारी कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बदमाश बैंक के बाहर निगरानी कर रहा था, जबकि चार बदमाश हथियारों के साथ अंदर घुस गए। सभी बदमाशों के हाथ में हथियार थे और उन्होंने कर्मचारियों व ग्राहकों को डराकर लूटपाट की। बदमाश बैंक से लगभग 19–20 लाख रुपये नकद और करीब 6–7 किलो सोना लूटकर फरार हो गए।
लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी दो मोटरसाइकिलों से फरार हुए। एक नीले रंग की अपाचे बाइक पर तीन बदमाश सवार थे, जबकि दूसरी काले रंग की मोटरसाइकिल पर दो बदमाश भागे। बताया जा रहा है कि बदमाश बैढ़न-गनियारी मार्ग होते हुए उत्तर प्रदेश के बीजपुर की दिशा में फरार हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपियों ने हेलमेट पहन रखा था। एक बदमाश नीले रंग की शर्ट पहने था, जबकि पीछे बैठा दूसरा आरोपी हल्के आसमानी रंग की शर्ट में था और उसके पास एक बड़ा गहरे नीले-काले रंग का झोला था, जिसमें लूटा गया सामान रखा गया था। सभी बदमाश पतले-दुबले कद-काठी के थे, हल्की दाढ़ी रखे हुए थे और उनमें से एक के बाल अपेक्षाकृत बड़े बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। सीमावर्ती इलाकों, विशेषकर उत्तर प्रदेश की सीमा पर भी अलर्ट जारी कर दिया गया है, ताकि बदमाशों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।










