Home / Uncategorized / धानापुर में भूमाफियाओं के खिलाफ ग्रामीणों का उबाल, माले ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

धानापुर में भूमाफियाओं के खिलाफ ग्रामीणों का उबाल, माले ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चंदौली।जिले के धानापुर कस्बे में भूमाफियाओं के बढ़ते आतंक और चकबंदी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर कम्युनिस्ट पार्टी (माले) ने बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
बिझवल स्थित अंबेडकर पार्क में आयोजित सभा में सैकड़ों ग्रामीणों ने एकजुट होकर भूमाफियाओं के खिलाफ संघर्ष का ऐलान किया। सभा को संबोधित करते हुए माले नेता श्रवण कुशवाहा ने आरोप लगाया कि चकबंदी के दौरान बड़े पैमाने पर गरीब किसानों के जमीन के कागजात में हेरफेर की गई है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास जमीन नहीं थी, उनके नाम पर करोड़ों की जमीन दर्ज कर दी गई, जबकि हजारों वास्तविक किसानों के कागजात में गड़बड़ी कर दी गई है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भूमाफियाओं को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी उनके पक्ष में खड़े नजर आते हैं। इससे पीड़ित ग्रामीण लगातार अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि चकबंदी से पहले बिझवल गांव की नवीन परती जमीन पर भूमाफियाओं ने फर्जी तरीके से अपना नाम दर्ज कराकर उसे बेचने की कोशिश की है, जिससे इलाके में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीण रूदल राम ने सवाल उठाया कि चकबंदी अभिलेख संख्या 4145 में नवीन परती भूमि पर किसी अन्य व्यक्ति का नाम कैसे दर्ज हो गया।
ग्रामीणों ने मांग की है कि उक्त जमीन को कब्जामुक्त कराकर वहां खेल का मैदान विकसित किया जाए तथा बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के स्मारक के लिए भूमि आवंटित की जाए।
सभा में अखिलेश राम, रूदल राम, सदरी नेता, शेखर भारतीय, रामरूप राम, सोहन राम, राधिका देवी, रामअवध राम, अनिप कुमार, रामसूरत राम, जीनाथ राम, मीनाथ राम, नोखे, खन्ने लाल, अरविंद कुमार, राजाराम, कुमारी देवी और आलियारी देवी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *