ग्रामीण महिलाओं ने दी आंदोलन तेज करने और आत्मदाह की चेतावनी
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज चौकी अंतर्गत महदा गांव में प्रस्तावित देसी शराब ठेका खोलने के विरोध में शुक्रवार को सैकड़ों महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि गांव के बीच आबादी वाले क्षेत्र में शराब का ठेका खोला गया तो वे आत्मदाह जैसे कठोर कदम उठाने को विवश होंगी।
जानकारी के अनुसार, शासनादेश के अनुपालन में आबकारी विभाग के अधिकारी, चोलापुर पुलिस तथा ठेका संचालक प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करने गांव पहुंचे थे। इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्र हो गईं और ठेका खोले जाने के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि आबादी के बीच शराब की दुकान खुलने से सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा, घरेलू कलह बढ़ेगी तथा युवाओं और बच्चों पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब की आसान उपलब्धता से गांव की शांति और महिलाओं की सुरक्षा पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा।
प्रदर्शन में शामिल किरन, पिंकू, रेखा, रेनू, आरती, रूपा, बेबी, सरिता, संगीता, प्रमिला, पुष्पा, फूलकुमारी और उर्मिला समेत अन्य महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में पूर्व निर्धारित स्थान पर शराब का ठेका नहीं खुलने दिया जाएगा। उन्होंने मांग की कि प्रशासन गांव की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए प्रस्तावित ठेका निरस्त करे।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी सधुबन राम गौतम ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने शासन की नीतियों एवं राजस्व से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी, लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अडिग रहीं। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले पांच दिनों से महिलाएं लगातार निगरानी कर रही हैं और गांव में शराब का ठेका स्थापित न होने देने की मांग पर डटी हुई हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर महिला एवं पुरुष पुलिस बल तैनात रहा। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।










