Home / Uncategorized / सोनभद्र के डीएम चर्चित गौड़ की पत्नी आरुषि मिश्रा बनीं कैमूर वन्यजीव प्रभाग, मिर्जापुर की डीएफओ

सोनभद्र के डीएम चर्चित गौड़ की पत्नी आरुषि मिश्रा बनीं कैमूर वन्यजीव प्रभाग, मिर्जापुर की डीएफओ

पूर्वाचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी

सोनभद्र/मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश वन विभाग में हुए व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के तहत भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारी आरुषि मिश्रा को कैमूर वन्यजीव प्रभाग, मिर्जापुर का नया प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) नियुक्त किया गया है। उन्नाव से स्थानांतरित होकर मिली इस नई जिम्मेदारी के साथ वह प्रदेश के महत्वपूर्ण वन्यजीव क्षेत्रों में से एक कैमूर वन्यजीव प्रभाग का नेतृत्व करेंगी। आरुषि मिश्रा सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की धर्मपत्नी हैं, जिसके चलते यह प्रशासनिक दंपति एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

आरुषि मिश्रा अपने कुशल प्रशासन, वन संरक्षण और पर्यावरणीय गतिविधियों के लिए जानी जाती हैं। अपने पूर्ववर्ती कार्यकाल में उन्होंने वृक्षारोपण, वन्यजीव सुरक्षा, अवैध कटान पर नियंत्रण तथा जन-जागरूकता अभियानों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। विभाग को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में कैमूर वन्यजीव प्रभाग में संरक्षण और संवर्धन संबंधी कार्यों को नई दिशा मिलेगी।

वहीं सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ भी जिले में विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में प्रशासनिक और पर्यावरणीय क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे इस दंपति की उपलब्धि को लेकर सोनभद्र और मिर्जापुर दोनों जिलों में खुशी का माहौल है।

आरुषि मिश्रा की नई नियुक्ति पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, पर्यावरण प्रेमियों तथा शुभचिंतकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। लोगों का मानना है कि उनकी कार्यशैली और अनुभव का लाभ कैमूर वन्यजीव प्रभाग को मिलेगा।

कैमूर वन्यजीव प्रभाग जैव विविधता, प्राकृतिक संसाधनों और वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है। यहां वन संपदा के संरक्षण, वन्यजीवों की सुरक्षा तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी होती है। ऐसे में आरुषि मिश्रा की नियुक्ति को विभाग की एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और डीएफओ आरुषि मिश्रा दोनों ही अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी नेतृत्व का परिचय दे रहे हैं। नई जिम्मेदारी के साथ आरुषि मिश्रा से कैमूर वन्यजीव प्रभाग में संरक्षण, प्रबंधन और जनसहभागिता आधारित नवाचारों की नई उम्मीदें जुड़ गई हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *