पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र। बभनी। लगातार बारिश के चलते घघरी ग्राम पंचायत के साहगोंडा में मंगलवार रात देव बाबू पुत्र रामकिशन का कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। हादसे में घर में रखा अनाज और घरेलू सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। मकान गिरने से परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। सूचना पर ग्राम प्रधान कृष्णानन्द सोनी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने लेखपाल से क्षति का आकलन कराने की बात कही। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर आर्थिक सहायता, मुआवजा, राशन और आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी शीघ्र राहत दिलाने की अपील की है।










