पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र/पिपरी। रिहंद बांध का जलस्तर 872 फीट पार होने के बाद मंगलवार को दो फाटक खोल दिए गए। दोनों फाटकों को 16-16 फीट तक खोलकर करीब 20,800 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए अगले एक-दो घंटे में तीसरा फाटक भी खोले जाने की संभावना है। बांध की सभी छह टरबाइनें लगातार चल रही हैं, जिनसे करीब 17,900 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज होने के साथ विद्युत उत्पादन जारी है। जल विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता शशिकांत राय ने बताया कि जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर तीसरा फाटक भी खोला जाएगा। अगस्त में हुई अच्छी बारिश के कारण रिहंद बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ा और यह अपने निर्धारित अधिकतम जलस्तर 870 फीट को पार कर गया। फाटक खुलने के बाद बड़ी संख्या में लोग बांध पर पहुंचकर पानी की निकासी का नजारा देखने लगे।










