राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जनपद के आवास विकास कॉलोनी, हरपुर स्थित योगेंन्द्रनाथ आईटीआई के प्रांगण में हर साल की भांति इस साल भी 17 सितंबर को श्री विश्वकर्मा पूजन समारोह का भव्य आयोजन किया गया है। समारोह की तैयारियों को लेकर विद्यालय प्रबंधन की ओर से मंगलवार को मीडिया के साथ प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी दी गई। प्रबंधक अजीत मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विश्वकर्मा पूजन समारोह श्रद्धा और भव्यता के साथ आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत 16 सितंबर, बुधवार से अखंड हरिकीर्तन का शुभारंभ होगा, जिसकी पूर्णाहुति 17 सितंबर, गुरुवार को होगी। इसी दिन सायंकाल श्री विश्वकर्मा पूजन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद शाम पांच बजे से श्रद्धालुओं एवं अतिथियों के लिए प्रीतिभोज का आयोजन होगा। प्रेस वार्ता में बताया गया कि समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिसमें सुप्रसिद्ध कलाकार गोलू राजा, अजीत हलचल और बबिता सागर तथा स्वरा प्रसिद्धि अपनी प्रस्तुतियां देंगे। प्रबंधक अजीत ने क्षेत्रवासियों, अभिभावकों, शिक्षकों और गणमान्य लोगों से समारोह में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है।










