464 पेटियों में 13,296 शीशी अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी, हरियाणा का अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र। पिपरी अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत पिपरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डीसीएम आइसर ट्रक से 464 पेटियों में 13,296 शीशी यानी 4,077.36 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से हरियाणा निवासी करन सिंह (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत करीब 33 लाख रुपये, जबकि डीसीएम की अनुमानित कीमत करीब 27 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह बरामदगी की कुल कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई सीओ पिपरी हर्ष पाण्डेय की निगरानी में तथा थाना प्रभारी राजेश जी चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार, मुर्धवा चर्च के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक डीसीएम में अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रनटोला मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने करीब 200 मीटर पीछा कर डीसीएम को पकड़ लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की बोतलों पर “FOR SALE PUNJAB ONLY” अंकित था। चालक शराब से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप बिहार पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0-165/2026 के तहत आबकारी अधिनियम एवं बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और पूरे मामले की जांच में जुटी है। बड़ी मात्रा में पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित शराब की बरामदगी से अंतर्राज्यीय शराब तस्करी के नेटवर्क पर भी सवाल खड़े हुए हैं।










