Home / Uncategorized / प्राथमिक विद्यालय कर्री ने रचा सफलता और नवाचार का नया अध्याय

प्राथमिक विद्यालय कर्री ने रचा सफलता और नवाचार का नया अध्याय

पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी

सोनभद्र। दुद्धी विकासखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय कर्री शिक्षा, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। प्रधानाध्यापक डॉ. रमेश कुमार के कुशल नेतृत्व और शिक्षकों के समर्पित प्रयासों से विद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2025-26 में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है।विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों में चयन हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यालय की एक छात्रा का चयन नवोदय विद्यालय में हुआ, जबकि 3 विद्यार्थियों ने अटल आवासीय विद्यालय तथा 10 विद्यार्थियों ने सर्वोदय विद्यालय में स्थान प्राप्त किया। इन उपलब्धियों को विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के प्रति शिक्षकों के समर्पित प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।
शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी विद्यालय के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय दौड़ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया, जिससे विद्यालय की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया। विद्यालय में आधुनिक शिक्षा व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए प्रधानाध्यापक डॉ. रमेश कुमार के प्रयासों से स्मार्ट क्लास की स्थापना की गई है। इससे विद्यार्थियों को तकनीक आधारित एवं रोचक तरीके से पढ़ाई का अवसर मिल रहा है। वहीं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में पोषण वाटिका भी विकसित की गई है। विद्यालय में लगातार किए जा रहे इन नवाचारों और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन का सकारात्मक प्रभाव नामांकन पर भी देखने को मिल रहा है। विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। बेहतर शैक्षिक वातावरण, सुविधाओं और उपलब्धियों को देखते हुए विद्यालय का चयन ‘मॉडल विद्यालय’ के रूप में किया गया है। विद्यालय ने शैक्षिक गुणवत्ता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। निर्धारित शैक्षिक लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के चलते विद्यालय को लगातार दो वर्षों से ‘निपुण विद्यालय’ घोषित किया जा चुका है। इसके साथ ही स्वच्छता और स्वच्छ वातावरण के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता को देखते हुए उसे दो बार ‘स्वच्छ विद्यालय’ पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जा चुका है। प्राथमिक विद्यालय कर्री की ये उपलब्धियां यह दर्शाती हैं कि बेहतर नेतृत्व, समर्पित शिक्षकों, आधुनिक संसाधनों और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने वाली सकारात्मक सोच के साथ सरकारी विद्यालय भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *