छह दिवसीय अध्ययन यात्रा में केंद्र सरकार की योजनाओं की जमीनी हकीकत के साथ संस्कृति और विकास के विविध आयामों का होगा अवलोकन
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी।
पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), वाराणसी के तत्वावधान में वाराणसी एवं आसपास के जनपदों के 13 सदस्यीय पत्रकारों का दल रविवार को तमिलनाडु की छह दिवसीय अध्ययन यात्रा पर रवाना हुआ। इस यात्रा का उद्देश्य केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का अवलोकन करना तथा उनकी वास्तविक प्रभावशीलता को समझना है।
यात्रा के दौरान पत्रकार दल विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर योजनाओं के लाभार्थियों, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों एवं अन्य संबंधित हितधारकों से संवाद करेगा। साथ ही योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों और उनके अनुभवों को भी करीब से जानने का प्रयास करेगा।
दल का नेतृत्व कर रहे पीआईबी वाराणसी के मीडिया एवं संचार अधिकारी प्रशांत कक्कड़ ने बताया कि इस अध्ययन यात्रा का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं की वास्तविक स्थिति को समझकर उसे तथ्यपरक, निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा पत्रकारों को तमिलनाडु की समृद्ध कला, संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक जीवन से रूबरू होने का भी अवसर प्रदान करेगी।
उन्होंने बताया कि यह पहल ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से विभिन्न राज्यों के लोगों और पत्रकारों के बीच आपसी संवाद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, राष्ट्रीय एकता और पारस्परिक समझ को बढ़ावा मिलेगा।
छह दिवसीय इस अध्ययन यात्रा के दौरान पत्रकार दल तमिलनाडु की विकासात्मक गतिविधियों, जनकल्याणकारी परियोजनाओं और सामाजिक परिवर्तनों का प्रत्यक्ष अवलोकन करेगा तथा वहां के अनुभवों को देश के पाठकों और दर्शकों तक पहुंचाने का कार्य करेगा।










