Home / Uncategorized / 2027 के चुनावी रण के लिए अपना दल (एस) का शक्ति प्रदर्शन, अनुप्रिया पटेल ने भरी कार्यकर्ताओं में हुंकार

2027 के चुनावी रण के लिए अपना दल (एस) का शक्ति प्रदर्शन, अनुप्रिया पटेल ने भरी कार्यकर्ताओं में हुंकार

पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी

राबर्ट्सगंज/सोनभद्र। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। रविवार को राबर्ट्सगंज स्थित डीआर ड्रीम बैंक्वेट में अपना दल (एस) की ओर से आयोजित जिला स्तरीय कार्यकर्ता समागम में पार्टी ने अपनी सांगठनिक ताकत का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक जुटे। पार्टी के अनुसार, समागम में करीब 3,500 से अधिक लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री एवं अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल का कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा और पंचायत चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अपना दल (एस) आज धरातल पर उत्तर प्रदेश की प्रमुख राजनीतिक ताकतों में शामिल है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कार्यकर्ताओं के संघर्ष, मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है। वर्ष 2027 के विधानसभा और पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को और मजबूत करने तथा बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने की जरूरत है। विपक्षी दलों के बयानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अनुप्रिया पटेल ने ‘संविधान खतरे में है’ के मुद्दे को लेकर विपक्ष पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए इस तरह का नैरेटिव चला रहा है, जबकि देश का संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था सुरक्षित है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब विपक्ष की इस राजनीति को समझ चुकी है। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सामाजिक न्याय के मुद्दे पर पार्टी की भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रयासों से पिछड़े, वंचित और शोषित वर्गों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं। उन्होंने नीट, सैनिक स्कूलों और नवोदय विद्यालयों में आरक्षण से जुड़े विषयों का उल्लेख करते हुए पार्टी के संघर्ष को रेखांकित किया।

आउटसोर्सिंग नौकरियों में आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने विपक्ष को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए विपक्ष ने इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए, जबकि अब सत्ता से बाहर होने के बाद जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपना दल (एस) के प्रदेश अध्यक्ष आरपी गौतम ने की। जिलाध्यक्ष अंजनी पटेल की देखरेख में आयोजित समागम का मंच संचालन विधि मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक चौबे ने किया। मंच से पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया। समागम में राष्ट्रीय महासचिव रमाशंकर पटेल, राष्ट्रीय सचिव राकेश यादव, पूर्व राज्यमंत्री रामलखन पटेल, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दिनेश बियार एवं रेखा पटेल, सहकारिता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभात पटेल, व्यापार मंच के राष्ट्रीय महासचिव ज्यूत नारायण पटेल, युवा मंच के राष्ट्रीय सचिव दिव्यांशु सिंह पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यनारायण पटेल सहित विभिन्न मंचों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड, बभनी ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि राजन सिंह तथा घोरावल, राबर्ट्सगंज, ओबरा और दुद्धी विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्ष क्रमशः रामसूरत पटेल, पुष्पराज सिंह पटेल, प्रभुनाथ खरवार और निरंजन जायसवाल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *