अनियंत्रित ऑटो पिकअप से भिड़ा, तीन लोग घायल
पूर्वांचल राज्य, वाराणसी।
चौबेपुर,वाराणसी
रविवार दोपहर चौबेपुर बाजार से आगे पंजाब नेशनल बैंक के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। पिकअप वाहन (यूपी65डीटी9410) वाराणसी से चौबेपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से वाराणसी की ओर जा रहा ऑटो (यूपी65क्यूटी5014) अचानक अनियंत्रित होकर पिकअप से टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप अपनी सही दिशा में था, जबकि ऑटो अचानक बेकाबू होकर भिड़ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का टायर फट गया और ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। ऑटो में सवार शुभम कुमार पुत्र भोलाराम तथा धनेश्वर यादव निवासी सैदपुर घायल हो गए। दोनों को परिजनों ने निजी वाहन से अस्पताल पहुँचाया। वहीं चौक बंगाली निवासी वेदांश तिवारी पुत्र राजेंद्र तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस की पैंथर-13 टीम ने उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद नरपतपुर से ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के वक्त ऑटो चालक नशे की हालत में था। गनीमत रही कि इस भीषण टक्कर में कोई जनहानि नहीं हुई।










