आज दीपावली, कल शेयर बाजार बंद; बलिप्रतिपदा पर भी छुट्टी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो नई दिल्ली।
कई दिनों की अटकलों के बाद हिंदू पंचांग के अनुसार इस वर्ष दीवाली आज सोमवार 20 अक्टूबर को मनाई जाएगी। कार्तिक अमावस्या इसी दिन पड़ रही है। इस मौके पर देशभर में स्कूल, कॉलेज, बैंक, सरकारी दफ्तर और अन्य सार्वजनिक संस्थान बंद रहेंगे।
हालांकि महाराष्ट्र में दीवाली की मुख्य छुट्टी 21 अक्टूबर को होगी। इसके चलते मुंबई स्थित बीएसई और एनएसई 21 को बंद रहेंगे। एनएसई ने अपने अवकाश कैलेंडर में कहा है, “21 अक्टूबर, मंगलवार को लक्ष्मी पूजन के कारण ट्रेडिंग हॉलिडे रहेगा।”
इसी दिन मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन भी होगा जो परंपरागत रूप से दीपावली की शाम को सीमित समय के लिए होती है।
इसके अलावा, 22 अक्टूबर को बलिप्रतिपदा के अवसर पर भी शेयर बाजार बंद रहेंगे। महाराष्ट्र, कर्नाटक और अन्य राज्यों में इस दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित है।










