पूर्वांचल राज्य, सोनभद्र
सोनभद्र । आगामी होली पर्व एवं रमजान माह के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को थाना विण्ढ़मगंज पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजेश कुमार राय क्षेत्राधिकारी दुद्धी द्वारा की गई। बैठक में स्थानीय नागरिकों, गणमान्य व्यक्तियों, व्यापार मंडल प्रतिनिधियों एवं विभिन्न धर्मगुरुओं की सहभागिता रही। क्षेत्राधिकारी दुद्धी द्वारा उपस्थित सभी लोगों से अपील की गई कि होली एवं रमजान के दौरान आपसी सौहार्द, भाईचारा एवं पारस्परिक सम्मान बनाए रखें तथा त्यौहारों को परंपरागत एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। साथ ही स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट, हुड़दंग या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपस्थित सभी धर्मगुरुओं एवं नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।










