Home / Uncategorized / सोनभद्र में लाभार्थियों को डीबीटी से क्षतिपूर्ति राशि हस्तांतरित, लाइव स्ट्रीमिंग कार्यक्रम आयोजित

सोनभद्र में लाभार्थियों को डीबीटी से क्षतिपूर्ति राशि हस्तांतरित, लाइव स्ट्रीमिंग कार्यक्रम आयोजित

पूर्वांचल राज्य/ ब्यूरो।
सोनभद्र, 21 फरवरी 2026।
माननीय मुख्यमंत्री द्वारा आज 21 फरवरी 2026 को लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना योजना के लाभार्थियों को क्षतिपूर्ति की धनराशि डीबीटी के जरिए उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक, सोनभद्र कार्यालय सभागार में लाइव स्ट्रीमिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती जागृति अवस्थी एवं जिला पंचायत अध्यक्षा प्रतिनिधि श्री दिनेश कुमार बी.आर. ने की। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक, कृषि विज्ञान केंद्र के विषय वस्तु विशेषज्ञ, प्रगतिशील कृषक सहित लगभग 60 कृषक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना योजना की लाभार्थी श्रीमती राधिका प्रजापति एवं उनके नाबालिग पुत्र को कुल 5 लाख रुपये की सांकेतिक चेक जिला पंचायत अध्यक्षा प्रतिनिधि एवं उप कृषि निदेशक द्वारा प्रदान की गई।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने उप कृषि निदेशक कार्यालय का निरीक्षण कर पत्रावलियों एवं साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की। तत्पश्चात जनपदीय मृदा परीक्षण प्रयोगशाला का निरीक्षण कर मृदा नमूनों एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड की जांच की। उन्होंने जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों में प्रचार-प्रसार कर संतुलित उर्वरक उपयोग हेतु मृदा परीक्षण के नमूनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने कृषि विज्ञान केंद्र, मगुराही (सोनभद्र) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टमाटर कैचअप प्रोसेसिंग मशीन, जैम, जेली, आंवला पाउडर एवं ऑयस्टर मशरूम उत्पादन इकाई का अवलोकन किया गया। साथ ही समूह की महिलाओं को खाद्य प्रसंस्करण उत्पादों के निर्माण हेतु विकासखंडवार प्रशिक्षण कृषि वैज्ञानिकों द्वारा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *