Home / Uncategorized / 779 युवाओं को मिला रोजगार, चन्दौली में वृहद रोजगार मेला संपन्न

779 युवाओं को मिला रोजगार, चन्दौली में वृहद रोजगार मेला संपन्न

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चन्दौली।शनिवार को उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, चन्दौली द्वारा राजकीय आईटीआई रेवसा परिसर में शनिवार को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में लगभग 2000 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 779 अभ्यर्थियों को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा मौके पर ही जॉब ऑफर प्रदान किए गए।

रोजगार मेले में करीब 36 नामी कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इनमें हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, MRF Tyres, Ashok Leyland, Schneider Electric, Tata Motors, Dixon Technologies, Lava International, Uflex Ltd सहित अन्य कंपनियाँ शामिल रहीं। कंपनियों ने तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मा० राज्यसभा सांसद श्रीमती साधना सिंह ने फीता काटकर किया। उन्होंने अभ्यर्थियों, विशेषकर छात्राओं को आगे आकर रोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर युवा ही प्रदेश और देश की प्रगति की आधारशिला हैं।

मेले में उ०प्र० पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य शिवमंगल बियार एवं सांसद प्रतिनिधि राघव सिंह की भी उपस्थिति रही। जिला सेवायोजन अधिकारी गिरिजेश कुमार गुप्ता ने अभ्यर्थियों से संवाद करते हुए तकनीकी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी दी और उनकी योग्यता के अनुरूप साक्षात्कार देने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।

इस अवसर पर उपनिदेशक (सेवायोजन) रविशेखर आनन्द, प्रधानाचार्य ई० अजय कुमार, गौरव सिंह, विवेकानन्द सिंह, आनन्द कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मेले के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन को लेकर अभ्यर्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *