Home / Uncategorized / मधवलिया गोसदन का डीएम ने किया निरीक्षण, खामियों पर जताई सख्ती

मधवलिया गोसदन का डीएम ने किया निरीक्षण, खामियों पर जताई सख्ती

गोबर गैस प्लांट की मरम्मत में देरी पर नाराजगी, गोसदन को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज।
महराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी और मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के साथ मधवलिया स्थित गोसदन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। इस दौरान कई व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पशु शेड, वर्मी कंपोस्ट इकाई, गोबर गैस संयंत्र और हरे चारे की उपलब्धता का बारीकी से जायजा लिया। गोबर गैस प्लांट की मरम्मत लंबित मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और जल निगम के संबंधित अभियंता को शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। साथ ही परिसर में जर्जर भवनों को हटाने और खाली पड़े शेडों को ठीक कर उनमें गोवंश रखने के निर्देश भी दिए।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज़ अहमद ने बताया कि गोसदन में इस समय कुल 739 गोवंश संरक्षित हैं, जिनमें 559 नंदी और 180 गाय शामिल हैं। पशुओं के लिए भूसा, चोकर, पशु आहार और साइलेज की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त गोसदन परिसर की भूमि पर बाजरा, नेपियर घास और जई की खेती कर हरे चारे की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान एक बीमार गोवंश को देखकर जिलाधिकारी ने उसकी चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी ली और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने गोसदन परिसर में फलदार वृक्ष लगाने पर भी बल दिया, जिससे भविष्य में आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित किए जा सकें।
वहीं, वर्मी कंपोस्ट उत्पादन के संबंध में बीडीओ निचलौल शमा सिंह ने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं खाद तैयार कर उसकी बिक्री कर रही हैं। साथ ही गोबर से गोकाष्ठ का निर्माण भी किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने इन उत्पादों की बेहतर बिक्री के लिए बाजार से जोड़ने तथा नगर निकायों और श्मशान स्थलों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि गोसदन को एक आदर्श और आत्मनिर्भर इकाई के रूप में विकसित किया जा सकता है, जिसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गोवंश को गुड़, केला और चना खिलाकर उनकी देखभाल का भी जायजा लिया।
इस मौके पर डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, परियोजना निदेशक आर.डी. चौधरी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *