Home / Uncategorized / एबीआईसी रेनुसागर बना चैंपियन, इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन

एबीआईसी रेनुसागर बना चैंपियन, इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन

पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी

अनपरा (सोनभद्र)। Hindalco Industries Limited के रेनुपावर डिवीजन के यूनिट हेड आर.पी. सिंह के निर्देशन में हिंडालको रेनुसागर के तत्वावधान में आयोजित आदित्य बिड़ला इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हुआ। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, वहीं फाइनल मुकाबला दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।

फाइनल मैच में Aditya Birla Inter College Renusagar (एबीआईसी) की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए Aditya Birla Public School Renusagar (एबीपीएस) को 60 रनों से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मैच स्थानीय एबीआईसी के खेल मैदान में खेला गया, जहां बड़ी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम की शुरुआत हिंडालको रेनुसागर के एचआर हेड आशीष पांडेय के स्वागत संबोधन से हुई, जिसमें उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए टूर्नामेंट की महत्ता पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि Samik Basu (मुख्य मानव संसाधन अधिकारी, हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड) ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करते हैं।

मैच का विवरण भी बेहद रोचक रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए
एबीआईसी रेनुसागर की टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 8 विकेट खोकर 125 रन बनाए। टीम की ओर से अमन ने 47 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि प्रीत ने 22 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। एबीपीएस की ओर से एरॉन वर्गीस ने 3 विकेट और मयंक ने 2 विकेट हासिल किए।

126 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एबीपीएस रेनुसागर की टीम एबीआईसी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और मात्र 13 ओवरों में 65 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से एरॉन वर्गीस ने 14 रन और अंश मिश्रा ने 12 रन बनाए। एबीआईसी के गेंदबाज आदित्य ठाकुर ने 4 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि अंशु ने 2 विकेट झटके।

इस प्रकार एबीआईसी रेनुसागर की टीम ने 60 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। मैच में अंपायर की भूमिका ए.के. राय एवं बी.एल. पाठक ने निभाई, जबकि कमेंट्री सदानंद पांडेय एवं अनुराग तोमर ने की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रोहित सक्सेना, सदानंद पांडेय, रमेश वर्मा और देवेंद्र त्रिपाठी का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर आईटी हेड ललित खुराना, ईआर हेड मृदुल भारद्वाज, मानव संसाधन विभागाध्यक्ष ब्रजेश कुमार वर्मा, एबीआईसी के प्रधानाचार्य बृजेश कुमार सिंह, संजीव श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह और भी बढ़ा तथा यह आयोजन यादगार बन गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *