पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
सोनभद्र। पिपरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेणुकूट स्थानीय बाजार में शुक्रवार रात करीब 9 बजे एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक अनियंत्रित बल्कर ने सड़क के बीच बने डिवाइडर पर लगे बिजली के खंभे में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि खंभा पूरी तरह उखड़कर दूर जा गिरा और उससे जुड़े कई बिजली के तार टूट गए।
घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे देर रात तक अंधेरा छाया रहा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदारों व स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बल्कर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। लोगों का कहना है कि चालक नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था। जब स्थानीय लोगों ने उसे वाहन से नीचे उतरने को कहा, तो वह काफी देर तक बाहर नहीं निकला और हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज ने स्थिति को संभालते हुए सबसे पहले सड़क पर लगे जाम को हटवाया और यातायात को सुचारु कराया। इसके बाद पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए चौकी भेज दिया।
इस हादसे का असर स्थानीय व्यापार पर भी पड़ा। अंधेरा होने के कारण कई दुकानदारों को समय से पहले दुकानें बंद करनी पड़ीं। वहीं विद्युत विभाग के अनुसार खंभा और बिजली के तार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिन्हें दुरुस्त करने में समय लगेगा। विभाग ने संभावना जताई है कि बिजली आपूर्ति शनिवार दोपहर बाद तक बहाल हो सकेगी।
स्थानीय लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से लापरवाह और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।









