Home / Uncategorized / कलेक्ट्रेट में खुद पर तेल छिड़कर आत्मदाह करने वाले युवक को, पुलिस ने किया गिरफ्तार

कलेक्ट्रेट में खुद पर तेल छिड़कर आत्मदाह करने वाले युवक को, पुलिस ने किया गिरफ्तार

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। कलेक्ट्रेट में शुक्रवार दोपहर बाद उस समय हड़कंप मच गया, जब दोषी चिकित्सकों की गिरफ्तारी न होने से नाराज एक युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया। युवक ने अपने शरीर पर तेल उड़ेल लिया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोक लिया।यह घटना अपूर्वा नर्सिंग होम में पथरी के ऑपरेशन के दौरान अनीषा की मौत से जुड़ी है। अनीषा के पति शिवांशु राय ने दोषी चिकित्सकों की गिरफ्तारी न होने पर 17 अप्रैल को कलेक्ट्रेट में आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी।
चेतावनी के बाद सुबह से ही कलेक्ट्रेट पर सख्त पहरा था और आने-जाने वाले लोगों की गहनता से चेकिंग की जा रही थी। इसके बावजूद, शिवांशु राय पुलिस के पहरे को चकमा देकर परिसर में पहुंच गए और अपने शरीर पर तेल डालना शुरू कर दिया। पुलिस की नजर पड़ते ही उसे तुरंत रोक लिया गया और कोतवाली ले जाया गया। शिवांशु राय ने आरोप लगाया कि पुलिस हत्यारों को नहीं पकड़ रही है, जबकि वे खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने डॉक्टर ज्योत्स्ना सिंह, डॉ. अपूर्वा सिंह, डॉ. रोहन गुप्ता और विनोद को हत्या का आरोपी बताया। शिवांशु ने यह भी कहा कि पुलिस को आरोपी डॉक्टरों के घर नोटिस चस्पा करने चाहिए, लेकिन वे उनके घर नोटिस चिपका रहे हैं। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने जिला प्रशासन मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।सीओ सिटी मोहम्मद उस्मान ने बताया कि 17 अप्रैल को थाना कोतवाली अन्तर्गत वायरल वीडियो जिसमें एक व्यक्ति द्वारा आत्मदाह करने की कोशिश की जा रही है। इस सम्बन्ध में बताया कि 22 मार्च को कोतवाली क्षेत्र के अपूर्वा नर्सिंग होम में दौराने इलाज एक महिला की मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद वादी की तहरीर के आधार पर चिकित्सकों पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था। सीएमओ बलिया द्वारा गठित जांच टीम द्वारा जांच के उपरान्त 14 अप्रैल को विवेचक को जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराई गई थी। रिपोर्ट के आधार पर विवेचक द्वारा विवेचनात्मक कार्यवाही की जा रही है। इस बीच मृतिका महिला के पति द्वारा कतिपय आरोप लगाते हुए आत्मदाह की धमकी दी जाने लगी। जिसके बाद एसडीएम सदर द्वारा युवक के विरूद्ध नोटिस जारी की गई। जिसे नियमानुसार तामिला कराया गया, तथा क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा युवक के घर जाकर उसके परिजनों को भी स्थिति से समझाया बुझाया गया। इसके बाद भी आज युवक द्वारा अपने ऊपर तरल पदार्थ डालने का प्रयास किया गया, जिस पर स्थानीय पुलिस उसे हिरासत में लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *