मारपीट कर जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के चौबेपुर खुर्द गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ मारपीट और बाइक के गर्म साइलेंसर से हाथ जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर चोलापुर पुलिस ने नामजद आरोपी समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चौबेपुर खुर्द निवासी गुड्डू पुत्र फिरोज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार शाम वह चाहीं स्कूल के सामने खड़ा था। इसी दौरान गांव का ही प्रखर चौबे उर्फ ओसो पुत्र विनय चौबे उर्फ सोनू चौबे अपने 7-8 साथियों के साथ वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगा।
विरोध करने पर आरोपियों ने युवक को लात-घूंसों से जमकर पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि मारपीट के दौरान प्रखर चौबे ने बाइक के गर्म साइलेंसर पर पीड़ित का दाहिना हाथ दबा दिया, जिससे उसका हाथ बुरी तरह झुलस गया।
घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष चोलापुर सधुवन राम ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।










