पूर्वांचल राज्य
वाराणसी।
लोहता थाना क्षेत्र में हुए एक ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर खुलासा कर सनसनी फैला दी। मृतका नर्गिस परवीन की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति सोहैल को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह घरेलू कलह सामने आई है।
थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय के अनुसार आरोपी सोहैल ने वारदात को छुपाने के लिए पहले से ही साजिश रची थी। उसने भेलूपुर थाने में अपनी गुमशुदगी दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सोहैल ने नर्गिस को घर बुलाने के बाद दिनभर इधर-उधर घुमाया और देर रात हरपालपुर स्थित वैष्णो पुरम कॉलोनी ले गया, जहां ईंट से सिर कूचकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद शव को वहीं फेंककर फरार हो गया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब आधार कार्ड के जरिए मृतका की पहचान हुई। एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में लोहता पुलिस और क्राइम टीम ने तेजी से जांच करते हुए सर्विलांस और मुखबिर की मदद से आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में सोहैल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
घटना के बाद मृतका के पिता गुलाम ने पति, सास और ससुर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है, जबकि आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
लोहता में ब्लाइंड मर्डर का 4 घंटे में खुलासा, पत्नी की हत्या में पति गिरफ्तार










