पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चौबेपुर थाना क्षेत्र के जाल्हूपुर पुलिस चौकी अंतर्गत अमौली गांव में पट्टे की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित दंपत्ति पंकज सिंह और उनकी पत्नी सोनम सिंह ने स्थानीय पुलिस पर निष्क्रियता और मिलीभगत का आरोप लगाते हुए पुलिस कमिश्नर से न्याय की गुहार लगाई है। दंपत्ति के अनुसार उन्होंने वर्ष 2022 में लगभग 6000 वर्गफीट जमीन 10 वर्षों की लीज पर लेकर लाखों रुपये खर्च कर पोल्ट्री फार्म स्थापित किया था और नियमित रूप से बढ़े हुए किराए का भुगतान भी कर रहे हैं।
आरोप है कि जमीन मालिक कैलाश नाथ सिंह की नीयत बदलने के बाद से वह स्थानीय पुलिस की कथित मिलीभगत से जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़ितों का कहना है कि ईंट-बालू गिराकर चारदीवारी खड़ी की जा रही है और फार्म तक जाने का रास्ता भी बंद कर दिया गया है, जिससे उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। दंपत्ति ने जाल्हूपुर चौकी इंचार्ज मनीष चौधरी और अन्य पुलिसकर्मियों पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़िता सोनम सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी द्वारा उनके पति को झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिससे परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है। दंपत्ति का कहना है कि वे स्वेच्छा से जमीन खाली करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें अपना सामान तक निकालने नहीं दिया जा रहा। फिलहाल उन्होंने उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच, अवैध कब्जा हटाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पट्टे की जमीन पर कब्जे का आरोप, न्याय के लिए कमिश्नर दरबार पहुंचा दंपत्ति










