पूर्वांचल राज्य/चंदौली
चंदौली, बुधवार। जिले में बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने व्यापक तबाही मचाई। कई स्थानों पर टीन शेड उड़ गए, पेड़ और बिजली के पोल गिरने से जनजीवन प्रभावित हुआ। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। शुरुआती जानकारी में अधिकांश स्थानों पर जनहानि नहीं हुई, हालांकि आर्थिक क्षति काफी बताई जा रही है।
सकलडीहा-अलीनगर मार्ग स्थित ताजपुर में पूज्य अघोरेश्वर फ्यूल सेंटर का टीन शेड तेज हवाओं में उखड़कर गिर गया। पंप संचालक नवल किशोर सिंह ने बताया कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। धरहरा स्थित एक अन्य पेट्रोल पंप पर भी टीन शेड उड़ने की सूचना है।
मारुखपुर चौकी क्षेत्र में एक मकान की छत पर पेड़ गिरने से घर क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित द्वारा डायल 112 पर सूचना देने के बावजूद देर तक मदद न पहुंचने पर स्थानीय लोगों में नाराजगी रही। ढोढिया गांव के पास सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हुआ, जबकि कुरहना गांव में बिजली का पोल गिरने से आपूर्ति ठप हो गई।
साईं चौराहे पर जय पांडेय कटरा के सामने लगा टीन शेड हवा में उड़कर खेत में जा गिरा और आसपास बिखर गया। वहीं, चंदौली मंडी में खुले में रखी गेहूं की फसल बारिश में भीग गई, जिससे किसानों को नुकसान की आशंका है।
इसी बीच कंदवा क्षेत्र में आंधी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इनायतपुर गांव निवासी 36 वर्षीय लालू कुमार की पेड़ गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। तेज हवा के चलते सड़क किनारे खड़ा पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर गिर पड़ा और वह उसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में तेज आंधी-तूफान की घटनाएं बढ़ी हैं। मौसम विभाग ने भी कई राज्यों में तेज हवाओं और आंधी का अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।










