Home / Uncategorized / आनंदनगर रैक पॉइंट पर 2650 MT इफको यूरिया की फुल रैक पहुंची, किसानों को बड़ी राहत

आनंदनगर रैक पॉइंट पर 2650 MT इफको यूरिया की फुल रैक पहुंची, किसानों को बड़ी राहत

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/घुघली
पल्टू मिश्रा

जिलाधिकारी के विशेष प्रयासों का असर अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। लंबे इंतजार के बाद आज आनंदनगर (फरेंदा) रैक पॉइंट पर इफको यूरिया की एक फुल रैक पहुंची है, जिसकी कुल मात्रा 2650 मीट्रिक टन बताई जा रही है। यह पूरा स्टॉक सहकारिता क्षेत्र के बिक्री केंद्रों के माध्यम से जिले भर में वितरित किया जाएगा, जिससे किसानों को खाद के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
काफी समय से जिले के किसान और जनप्रतिनिधि आनंदनगर रैक पॉइंट पर उर्वरकों की आपूर्ति बढ़ाने की मांग कर रहे थे। इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए जिले के प्रभारी मंत्री द्वारा भी आवश्यक निर्देश दिए गए थे। जिलाधिकारी ने इस दिशा में पिछले वर्ष से ही निरंतर प्रयास शुरू कर दिए थे।
इसी प्रयास का परिणाम रहा कि गत दिसंबर माह में HURL कंपनी की दो रैक यूरिया जिले को प्राप्त हुई थीं। इसके बाद 21 मार्च को जिलाधिकारी ने प्रमुख कृषि, उत्तर प्रदेश शासन को अर्धशासकीय पत्र भेजकर विस्तार से स्थिति से अवगत कराया और आनंदनगर रैक पॉइंट पर नियमित रूप से उर्वरक रैक भेजने का अनुरोध किया।
अब उसी पहल का सकारात्मक नतीजा सामने आया है। आज इफको यूरिया की फुल रैक मिलने से जिले के किसानों को न केवल खाद की सहज उपलब्धता सुनिश्चित होगी, बल्कि परिवहन लागत में भी कमी आएगी।
जिला कृषि अधिकारी ने जानकारी दी कि अगले 2 दिनों के भीतर इफको DAP की एक और रैक इसी रैक पॉइंट पर पहुंचने वाली है। साथ ही 10 अप्रैल को उर्वरक कंपनियों के साथ हुई बैठक में NFL और कोरोमंडल कंपनियों ने भी आनंदनगर रैक पॉइंट का कोड सक्रिय होने की पुष्टि की थी, जिससे अब उनकी रैक भी यहां आने लगेंगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। अब तक 21842 मीट्रिक टन यूरिया और 9824 मीट्रिक टन DAP उपलब्ध कराया जा चुका है।
किसानों से अपील:
जिला कृषि अधिकारी ने किसान भाइयों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता और जोत बही के अनुसार ही उर्वरक खरीदें। अनावश्यक भंडारण से बचें, क्योंकि उर्वरकों की आपूर्ति लगातार जारी है।
कुल मिलाकर, आनंदनगर रैक पॉइंट पर रैक की शुरुआत से जिले के किसानों के लिए खाद संकट पर बड़ा ब्रेक लगने की उम्मीद है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *