पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपु तिवारी
सोनभद्र। तहसील दुद्धी परिसर में आयोजित प्रथम शनिवार के सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित रिश्वतखोरी के वीडियो मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने राजस्व निरीक्षक अखिलेश कुमार शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश भी जारी किए हैं।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल की उपस्थिति में जनसुनवाई की जा रही थी। इस दौरान भूमि विवाद, राजस्व प्रकरणों तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित शिकायतों की सुनवाई कर अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ने जिलाधिकारी को एक शिकायत पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया कि एक राजस्व निरीक्षक का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। शिकायतकर्ता ने कहा कि वीडियो सार्वजनिक होने के बावजूद अब तक संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी, जिससे आम जनता में प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे थे।
शिकायत मिलते ही जिलाधिकारी ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और उपलब्ध प्रारंभिक तथ्यों की समीक्षा कर कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए राजस्व निरीक्षक अखिलेश कुमार शुक्ला को निलंबित कर दिया गया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की गहन जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की भ्रष्टाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति है और किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अपने पद का दुरुपयोग करते हुए भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक चर्चा हो रही है। आमजन ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।









