Home / Uncategorized / किराया बढ़ोतरी के विरोध में रेणुकूट के व्यापारी हुए लामबंद

किराया बढ़ोतरी के विरोध में रेणुकूट के व्यापारी हुए लामबंद

पूर्वाचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी

सोनभद्र/रेणुकूट। रेणुकूट व्यापार मंडल कार्यालय में गुरुवार दोपहर व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत द्वारा रेणुकूट स्थित लगभग 70 आवंटित दुकानों का किराया करीब 90 प्रतिशत तक बढ़ाने संबंधी जारी नोटिस पर व्यापारियों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया।

नोटिस प्राप्त होने के बाद बड़ी संख्या में व्यापारी एकत्र हुए और किराया वृद्धि को मनमाना बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि इतनी अधिक किराया वृद्धि उनके लिए आर्थिक रूप से बोझिल साबित होगी तथा इससे उनके व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

बैठक में दुकानों के नवीनीकरण (रिन्यूअल) के मुद्दे पर भी विस्तृत चर्चा की गई। व्यापारियों ने कहा कि दुकान आवंटन के समय उनके सभी आवश्यक दस्तावेज जिला पंचायत के पास जमा कराए जा चुके हैं। इसके बावजूद अधिकारियों द्वारा पुनः दस्तावेज मांगे जा रहे हैं, जिसे उन्होंने अनुचित बताया। व्यापारियों का आरोप है कि नवीनीकरण के नाम पर बार-बार दस्तावेज मांगना और पुनः आवंटन की प्रक्रिया अपनाना जिला पंचायत की गलत नीतियों को दर्शाता है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बढ़ाए गए किराए को वापस लेने की मांग को लेकर अधिशासी अभियंता, जिला पंचायत सोनभद्र तथा जिलाधिकारी सोनभद्र को लिखित प्रार्थना पत्र भेजा जाएगा।

बैठक में प्रमुख रूप से अनुज अग्रवाल, भगवान दास अग्रवाल, रामचंद्र सोनी, रमाशंकर केसरी, राम नरेश गोयल, सचिन अग्रवाल, अमित अग्रवाल, रियासत खान, सिराज अहमद, सुरेश गौड़, छोटेलाल कनौजिया, राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *