Home / Uncategorized / बीका कंप्यूटर सेंटर में विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित, मुख्य अतिथियों का हुआ सम्मान

बीका कंप्यूटर सेंटर में विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित, मुख्य अतिथियों का हुआ सम्मान

पूर्वाचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी

सोनभद्र रेणुकूट हिंडालको कॉलोनी स्थित बीका (बीआईसीए) ब्लिट्ज इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव आर्ट कंप्यूटर सेंटर में आयोजित भव्य प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में कंप्यूटर प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

समारोह के मुख्य अतिथि रिहंद एवं ओबरा परियोजना प्रमुख सुरेश चंद्र बुनकर तथा हिंडालको सीएसआर के महाप्रबंधक अनिल कुमार झा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। केंद्र के डायरेक्टर जी.के. मदान तथा शिक्षिकाओं शिवानी वर्मा, आरती कुमारी और अंजू कुमारी ने अतिथियों को बुके एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

अपने संबोधन में सुरेश चंद्र बुनकर ने कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटर शिक्षा सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी बन चुकी है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, अपने कौशल का विकास करने तथा जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी ज्ञान युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाएं प्रदान करता है।

वहीं सीएसआर महाप्रबंधक अनिल कुमार झा ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रमाण-पत्र केवल उपलब्धि का प्रतीक नहीं बल्कि नई जिम्मेदारियों और अवसरों की शुरुआत भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का सदुपयोग कर समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान केंद्र की शिक्षिका आरती कुमारी ने संस्थान की गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बीका ब्लिट्ज इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव आर्ट में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण कंप्यूटर शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है। साथ ही उन्होंने कंप्यूटर क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों एवं संभावनाओं की भी जानकारी दी।

समारोह में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए संस्थान एवं शिक्षकों के प्रति आभार जताया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर सेंटर के डायरेक्टर जी.के. मदान, मैनेजर आदित्य सोनी, शिक्षिकाएं शिवानी वर्मा, आरती कुमारी, अंजू कुमारी, दीक्षा वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *