पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज में कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित अस्पतालों में मरीजों की मौत के मामलों को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता बैनर और पोस्टर लेकर पहुंचे और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अवैध अस्पतालों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले में बिना मानकों के कई अस्पताल संचालित हो रहे हैं, जहां इलाज के नाम पर लोगों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीते एक महीने में दुद्धी, कोन और रॉबर्ट्सगंज क्षेत्रों में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत के चार मामले सामने आए हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई संतोषजनक नहीं है प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेता शत्रुजय मिश्रा ने आरोप लगाया कि कई अस्पतालों के खिलाफ शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने प्रभावी कदम नहीं उठाए। उन्होंने जांच व्यवस्था और नोडल अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि अवैध अस्पतालों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं हुई तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी वहीं, कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।










