Home / अपराध / हजारीबाग के जंगल में मुठभेड़: एक करोड़ के इनामी सहदेव सोरेन समेत तीन नक्सली ढेर

हजारीबाग के जंगल में मुठभेड़: एक करोड़ के इनामी सहदेव सोरेन समेत तीन नक्सली ढेर

हजारीबाग के जंगल में मुठभेड़: एक करोड़ के इनामी सहदेव सोरेन समेत तीन नक्सली ढेर

 

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो रांची/हजारीबाग। 

खबर ( राजेश कुमार वर्मा)

जिले के गिरहोर थाना क्षेत्र अंतर्गत पनतीतरी जंगल में सोमवार सुबह सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने एक करोड़ के इनामी कुख्यात नक्सली सहदेव सोरेन समेत तीन नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए अन्य दो नक्सलियों में 25 लाख के इनामी रघुनाथ हेंब्रम उर्फ चंचल और 10 लाख के इनामी बीरसेन गंझू उर्फ रामखेलावन शामिल हैं।

 

यह मुठभेड़ कोबरा बटालियन, गिरिडीह पुलिस व हजारीबाग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंजाम दी गई। जानकारी के अनुसार, खुफिया सूचना मिली थी कि सहदेव सोरेन किसी बड़ी नक्सली वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसी सूचना के आधार पर सोमवार सुबह सुरक्षा बलों ने पनतीतरी जंगल में अभियान चलाया, जहां नक्सलियों से आमना-सामना होते ही मुठभेड़ शुरू हो गई।

 

मुठभेड़ के बाद चले सर्च ऑपरेशन में तीन शव बरामद किए गए, जिनकी पहचान सहदेव सोरेन, रघुनाथ हेंब्रम और बीरसेन गंझू के रूप में की गई। घटनास्थल से तीन एके-47 राइफल सहित अन्य हथियार भी बरामद किए गए हैं।

 

इनामी नक्सलियों का खात्मा: नक्सलवाद के विरुद्ध बड़ी सफलता

 

झारखंड पुलिस मुख्यालय ने इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह माओवादियों के विरुद्ध सुरक्षा बलों की निर्णायक सफलता है। हजारीबाग, गिरिडीह और बोकारो के सीमावर्ती इस जंगल क्षेत्र को लंबे समय से नक्सलियों का गढ़ माना जाता रहा है।

 

गृह मंत्री अमित शाह की प्रतिक्रिया

 

इस मुठभेड़ पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा,

 

 “आज झारखंड के हजारीबाग में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन और राज्य पुलिस की संयुक्त टीम को एंटी-नक्सल ऑपरेशन में बड़ी सफलता मिली है। इस कार्रवाई में एक करोड़ के इनामी कुख्यात नक्सली कमांडर सीसीएम सहदेव सोरेन उर्फ परवेश को मार गिराया गया है। उसके साथ दो अन्य इनामी नक्सली रघुनाथ हेंब्रम और बीरसेन गंझू भी मारे गए हैं। यह ऑपरेशन उत्तर झारखंड से नक्सलवाद की समाप्ति की ओर एक बड़ा कदम है। जल्द ही देश नक्सलवाद से पूर्णतः मुक्त होगा।”

 

6 महीने में दूसरा बड़ा ऑपरेशन

 

गौरतलब है कि पिछले छह महीनों में यह दूसरा अवसर है जब एक करोड़ के इनामी नक्सली को मार गिराया गया है। इससे पूर्व, 21 अप्रैल को बोकारो जिले के ललपनिया स्थित लुगुबुरु पहाड़ी की तलहटी में हुए एनकाउंटर में एक करोड़ के इनामी माओवादी विवेक उर्फ प्रयाग मांझी समेत आठ नक्सली ढेर किए गए थे।

स्थानीय निवासी था सहदेव सोरेन

 

मुठभेड़ में मारा गया सहदेव सोरेन हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र स्थित मंदेरी गांव का निवासी था। वह संगठन में अनुज उर्फ सहदेव सोरेन उर्फ प्रवेश उर्फ अमलेश नामों से भी जाना जाता था। सुरक्षाबलों के अनुसार वह नक्सलियों के शीर्ष कमांडरों में से एक था और लंबे समय से कई हिंसक घटनाओं में संलिप्त रहा है।

 

इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

 

घटना के बाद हजारीबाग व गिरिडीह के एसपी समेत कई वरीय अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह कार्रवाई नक्सलवाद के विरुद्ध चल रही मुहिम को निर्णायक दिशा देगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *