Home / Uncategorized / खड़ी ट्रक से टकराई पिकअप, चालक की दर्दनाक मौत

खड़ी ट्रक से टकराई पिकअप, चालक की दर्दनाक मौत

सड़क किनारे बेतरतीब खड़ी ट्रकों से बढ़ रहा हादसों का खतरा

पूर्वांचल राज्य वाराणसी।

चोलापुर थाना क्षेत्र के वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर गोसाईपुर मोहांव गांव के समीप मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मालवाहक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक में जा घुसी, जिससे पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान अवधेश कुमार वर्मा (45) पुत्र सीताराम, निवासी पिंडरा, फूलपुर (वाराणसी) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात पिकअप वाहन आजमगढ़ से वाराणसी की ओर आ रहा था। इसी दौरान गोसाईपुर मोहांव गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप पर ‘वाराणसी प्रेस’ लिखा हुआ था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास कई ढाबे हैं, जिसके कारण रात के समय ट्रकें अक्सर सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़ी कर दी जाती हैं। इसी वजह से दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *