धानापुर क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि नौशाबा इरफान ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 89 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पांचवां स्थान हासिल किया है। उनकी इस सफलता से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
बुधवार दोपहर आमरवीर इंटर कॉलेज के प्रबंधक डॉ. विशाल सिंह स्वयं छात्रा के घर पहुंचे और उन्हें सम्मानित कर बधाई दी। उन्होंने नौशाबा इरफान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी उनसे प्रेरणा लेने की अपील की।
इस दौरान डॉ. सिंह ने छात्रा से पढ़ाई के अनुभव, कक्षाओं की स्थिति और विद्यालय की व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली। नौशाबा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने बताया कि लगातार मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही यह मुकाम हासिल हुआ है।
विद्यालय परिवार ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए छात्रा को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मोहन भाई, आतिफ खान, मुकेश दुबे, अंसार खान सहित घर के सभी सदस्य मौजूद रहे और सभी ने नौशाबा को बधाई देकर खुशी जाहिर की।
89% अंक हासिल कर नौशाबा इरफान ने जिले में पांचवां स्थान पाया, घर पर प्रबंधक ने किया सम्मानित










