Home / Uncategorized / चोलापुर शहीद स्मारक पर रिटायर्ड तोपें रखने की रक्षा मंत्री से मांग

चोलापुर शहीद स्मारक पर रिटायर्ड तोपें रखने की रक्षा मंत्री से मांग

विशाल राष्ट्रीय ध्वज स्थापित कर शहीदों को दिया जाए सम्मान- किसान संगठन

पूर्वांचल राज्य वाराणसी (चोलापुर)।

जिले के चोलापुर स्थित ऐतिहासिक शहीद स्मारक को राष्ट्रीय स्तर की पहचान दिलाने की मांग एक बार फिर उठी है। पूर्वांचल किसान संगठन ने देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र भेजकर स्मारक परिसर में भारतीय सेना की दो निष्प्रयोज्य (रिटायर्ड) तोपें स्थापित कराने की मांग की है।
संगठन के अध्यक्ष अजीत सिंह डोभी ने पत्र में उल्लेख किया है कि चोलापुर का शहीद स्मारक पूर्वांचल के स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। 17 अगस्त 1942 को भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान राम नरेश उपाध्याय, पंचम राम, श्रीराम उर्फ बच्चू पटेल, चौथी राजभर एवं निरहू पटेल ने अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती देते हुए थाना परिसर से ब्रिटिश झंडा उतारकर तिरंगा फहराया था। इसके बाद ब्रिटिश पुलिस की गोलीबारी में पांचों क्रांतिकारी शहीद हो गए थे।
पत्र में यह भी कहा गया है कि ऐतिहासिक महत्व के बावजूद स्मारक को अब तक अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पाया है। न तो परिसर में 101 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित हो सका है और न ही नियमित रूप से शासकीय श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होते हैं। संगठन का कहना है कि यदि स्मारक परिसर में रिटायर्ड तोपें और भव्य ध्वज स्थापित किए जाएं, तो यह स्थल राष्ट्रभक्ति का प्रमुख केंद्र बन सकता है और नई पीढ़ी को शहीदों के बलिदान से प्रेरणा मिलेगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *