दीपावली से पहले छात्रों को बड़ी सौगात, योगी सरकार ने भेजी 300 करोड़ की छात्रवृत्ति
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो लखनऊ।
दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने 10.28 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को 300 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजकर शिक्षा को प्रोत्साहित करने की बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम के तहत यह राशि ट्रांसफर की और कहा कि अब छात्रवृत्ति साल में दो बार – अक्टूबर और जनवरी में दी जाएगी ताकि छात्रों को समय पर सहायता मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले जहां छात्रवृत्ति की प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और देरी आम बात थी, वहीं अब डीबीटी प्रणाली से पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित हुई है। उन्होंने कहा कि 2016-17 में जहां 46 लाख छात्र लाभान्वित होते थे, अब यह संख्या बढ़कर 62 लाख हो गई है।
इस बार अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग के 3.56 लाख छात्रों को 114.92 करोड़, पिछड़े वर्ग के 4.83 लाख छात्रों को 126.69 करोड़, सामान्य वर्ग के 97 हजार को 29.18 करोड़ और अल्पसंख्यक वर्ग के 90 हजार से अधिक छात्रों को 27.16 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा ही आत्मनिर्भरता का रास्ता है और सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी पात्र छात्र छात्रवृत्ति से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि पिछले आठ वर्षों में 4.27 करोड़ विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा चुकी है।
*शिक्षा सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए कदम*
योगी सरकार अटल आवासीय विद्यालय, कस्तूरबा बालिका विद्यालय, आश्रम पद्धति स्कूल और अभ्युदय कोचिंग जैसी योजनाओं के माध्यम से वंचित वर्ग के बच्चों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन की अपील करते हुए कहा कि हर छात्र में समाज बदलने की ताकत है। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया कि पात्र छात्रों को समय पर लाभ मिलता रहेगा।
*सामाजिक सुरक्षा और गरीबी उन्मूलन में रिकॉर्ड प्रगति*
सीएम योगी ने यह भी बताया कि समाज कल्याण विभाग के जरिये अब 1.05 करोड़ परिवारों को वार्षिक पेंशन दी जा रही है, जो पहले बिचौलियों के कारण प्रभावित होती थी। अब यह राशि सीधे खातों में ट्रांसफर हो रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 4 लाख से अधिक बेटियों के विवाह “मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना” के तहत कराए जा चुके हैं।
*गरीबी रेखा से बाहर निकले 6 करोड़ लोग*
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यूपी ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। प्रदेश में अब तक 6 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं।










